Friday 5th of July 2024

Hathras Stampede: हाथरस में मची भगदड़ पर सीएम योगी, राहुल-राजनाथ समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  July 02nd 2024 06:14 PM  |  Updated: July 02nd 2024 07:27 PM

Hathras Stampede: हाथरस में मची भगदड़ पर सीएम योगी, राहुल-राजनाथ समेत कई नेताओं ने जताया दुख

ब्यूरोः उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आज यानी मंगलवार को दर्दनाक घटना हुई। दरअसल, सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के फुलराई गांव में भोले बाबा सत्संग में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए है। हाथरस में हुई भगदड़ पर सीएम योगी, राजनाथ सिंह, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाथरस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाथरस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हाथरस में सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाथरस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाथरस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।

बसपा चीफ मायावती ने हाथरस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यूपी के जिला हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में काफी संख्या में लोगों की हुई मौत व अनेकों के घायल होने तथा आगरा में भी बौध/भीमकथा के दौरान एक युवक की हुई हत्या अति-दुःखद। सरकार इन घटनाओं की जाँच कर उचित कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने हाथरस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद व हृदय विदारक है। स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से लगा है। मेरी संवेदनाएं दुर्घटना पीड़ितों व उनके परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ व दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network