Sunday 6th of October 2024

अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश में थी महिला, कैब ड्राइवर और पुलिस ने बचाया

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  August 17th 2024 11:10 AM  |  Updated: August 17th 2024 11:10 AM

अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश में थी महिला, कैब ड्राइवर और पुलिस ने बचाया

ब्यूरोः शुक्रवार शाम को अटल सेतु पर एक नाटकीय बचाव देखने को मिला, जब 57 वर्षीय महिला अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश में थी, तभी कैब ड्राइवर और स्थानीय पुलिस ने बहादुरी से बचाया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना में कैब ड्राइवर संजय यादव ने महिला को उस समय पकड़ लिया जब वह पुल से कूदने की कोशिश कर रही थी।

घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे मिली, जब मुलुंड की रहने वाली महिला ने धार्मिक तस्वीरों को समुद्र में विसर्जित करने के बहाने संजय यादव से पुल पर टैक्सी रोकने को कहा। मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, रुकी हुई गाड़ी और महिला द्वारा पुल की रेलिंग पार करने के बारे में पुलिस को कॉल किया गया।

न्हावा शेवा ट्रैफिक ब्रांच पेट्रोलिंग यूनिट के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमें अटल सेतु पुल पर एक गाड़ी के रुकने और एक महिला द्वारा रेलिंग पार करने के बारे में कॉल मिली। मौके पर पहुंचे तो देखा कि महिला ने समुद्र में कूदने की कोशिश की, लेकिन कैब ड्राइवर संजय यादव ने तेजी से कदम उठाते हुए महिला को उसके बालों से पकड़ लिया।  साथ ही चार पुलिस कांस्टेबलों ने भी महिला बचाने के लिए रेलिंग पार की और महिला को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद महिला को नवी मुंबई पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसके परिवार से संपर्क किया गया।

न्हावा शेवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अंजुम बागवान ने कहा कि महिला के परिवार ने इसके लिए उसकी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को जिम्मेदार ठहराया। महिला ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्हें आते देख वह घबराहट में अपना संतुलन खो बैठी।

बता दें अटल सेतु पर ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई में 38 वर्षीय इंजीनियर ने अटल सेतु पुल से छलांग लगा दी थी। इससे अलावा मार्च में एक 43 वर्षीय महिला ने भी पुल से छलांग लगा दी थी।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network