Sunday 6th of October 2024

'जो राहुल गांधी की जीभ काटेगा, उसे 11 लाख रुपये दूंगा', शिवसेना MLA संजय गायकवाड का विवादित बयान

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  September 16th 2024 05:18 PM  |  Updated: September 16th 2024 05:18 PM

'जो राहुल गांधी की जीभ काटेगा, उसे 11 लाख रुपये दूंगा', शिवसेना MLA संजय गायकवाड का विवादित बयान

ब्यूरोः शिवसेना (एकनाथ) विधायक संजय गायकवाड़ ने सोमवार को विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर अगर कोई उनकी जीभ काटेगा तो उसे 11 लाख रुपये दिए जाएंगे। गायकवाड़ ने अपने अजीबोगरीब बयान में कहा कि राहुल गांधी विदेश में थे और उन्होंने कहा कि वह भारत में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। इससे कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है।

गायकवाड़ का विवादित बयान

गायकवाड़ ने कहा कि हाल ही में अमेरिका दौरे पर राहुल गांधी ने आरक्षण खत्म करने की बात कही थी। यह उस मानसिकता को दर्शाता है जो आरक्षण के खिलाफ है। जो कोई भी राहुल गांधी की जीभ काटेगा, उसे मैं 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को देशद्रोह बताया। 

राहुल गांधी की टिप्पणी लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघातः संजय गायकवाड़

संजय गायकवाड़ ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। मराठा, धनगर और ओबीसी जैसे समुदाय आरक्षण के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन उससे पहले गांधी इसके लाभ को खत्म करने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए गायकवाड़ ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की किताब दिखाते थे और झूठी कहानी फैलाते थे कि भाजपा इसे बदल देगी। लेकिन यह कांग्रेस ही है जो देश को 400 साल पीछे ले जाने की योजना बना रही है।" गायकवाड़ के बयान की विपक्ष ने तीखी आलोचना की है। शिवसेना की सहयोगी भाजपा ने भी उनके बयान से खुद को अलग कर लिया है।

इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय नहीं हैं, उन्होंने अपना ज्यादातर समय बाहर बिताया है। उन्हें अपने देश से ज्यादा प्यार नहीं है, क्योंकि वह विदेश जाकर हर बात को गलत तरीके से कहते हैं... जो लोग मोस्ट वांटेड हैं, अलगाववादी हैं, बम, बंदूक और गोले बनाने में माहिर हैं, उन्होंने राहुल गांधी के बयानों की सराहना की है। देश के दुश्मन जो विमान, ट्रेन, सड़क उड़ाने की कोशिश करते हैं, वे राहुल गांधी के समर्थन में हैं... अगर नंबर एक आतंकवादी और देश के सबसे बड़े दुश्मन को पकड़ने के लिए कोई पुरस्कार होना चाहिए, तो वह राहुल गांधी को मिलना चाहिए।

बता दें हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर गए थे। इस दौरान पर उन्होंने बीजेपी और RSS के साथ सिखों को लेकर भी विवादित बयान दिया था। इसके कारण देश का सियासी पारा बढ़ा हुआ है।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network