Monday 7th of October 2024

Haryana: कुलदीप बिश्नोई को मनाने में जुटी BJP, भव्य बिश्नोई को बनाया प्रदेश प्रभारी

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  April 28th 2024 06:51 PM  |  Updated: April 28th 2024 06:51 PM

Haryana: कुलदीप बिश्नोई को मनाने में जुटी BJP, भव्य बिश्नोई को बनाया प्रदेश प्रभारी

ब्यूरो: हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट से टिकट न मिलने के बाद नाराज चल रहे कुलदीप बिश्नोई के विधायक बेटे भव्य बिश्नोई को भाजपा में नई जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री और हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।

भव्य बिश्नोई ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री नायब सैनी का धन्यवाद किया है। उन्होंने लिखा- "मैं हरियाणा प्रदेश के युवाओं को भरोसा दिलाता हूं कि मैं उनकी आवाज बनूंगा और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा।"

आपको बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुलदीप बिश्नोई के दिल्ली आवास में मुलाकात की थी। इसके बाद यह चर्चा थी कि कुलदीप बिश्नोई को सीएम ने मना लिया है। कुलदीप बिश्नोई ने भी जल्द ही हिसार लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार में उतरने की बात कही थी

कुलदीप बिश्नोई हिसार सीट से भाजपा की टिकट के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उनकी जगह पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने निर्दलीय विधायक और नायब सैनी सरकार के कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को टिकट दे दी है।

इसके बाद कुलदीप-भव्य ने न केवल भाजपा उम्मीदवार से दूरी बना ली बल्कि कुलदीप ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि वे कांग्रेस में नहीं जा रहे हैं। इससे उनके पार्टी छोड़ने के संकेत सामने आने लगे।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network