Sunday 6th of October 2024

Haryana Election 2024: हरियाणा में भाजपा को एक और झटका, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने छोड़ी पार्टी

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  September 07th 2024 04:35 PM  |  Updated: September 07th 2024 04:35 PM

Haryana Election 2024: हरियाणा में भाजपा को एक और झटका, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने छोड़ी पार्टी

ब्यूरोः हरियाणा विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की पहली सूची में जगह न मिलने के बाद हरियाणा के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों से भाजपा नेता आर्य ने टिकट न मिलने से नाराज होकर इस्तीफा देने की घोषणा की। भाजपा ने पूर्व जेजेपी विधायक रामकुमार गौतम को मैदान में उतारने का फैसला किया है, जिससे वह नाराज चल रहे थे। भाजपा ने गौतम को सफीदों विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है। 

बचन सिंह आर्य ने पार्टी को इस्तीफा पत्र लिखकर प्राथमिक सदस्यता के साथ ही प्रदेश कार्यसमिति में अपना पद भी छोड़ दिया है। दो दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने फैसले का संकेत दिया था। बता दें 2019 के चुनावों में आर्य सफीदों निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़कर लगभग 3,000 वोटों से हार गए थे। हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। परिणाम 8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के साथ घोषित किए जाएंगे।

भाजपा में बढ़ रहा असंतोष

आर्य का इस्तीफा टिकट बंटवारे से निराश होकर पार्टी से इस्तीफा देने वाले नेताओं की कड़ी में ताजा है। इससे पहले 5 सितंबर को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने पद से इस्तीफा दे दिया था। रणजीत सिंह चौटाला भाजपा द्वारा रानिया विधानसभा से टिकट न दिए जाने से नाराज थे। भाजपा ने रानिया सीट से शीशपाल कंबोज को मैदान में उतारा है। इसके अलावा भाजपा के रतिया विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इनके अलावा कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दिया है।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network