Sunday 6th of October 2024

भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए कन्नड़ अभिनेता चेतन चंद्रा, वीडियो शेयर कर रहे न्याय की मांग

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  May 13th 2024 03:38 PM  |  Updated: May 13th 2024 03:38 PM

भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए कन्नड़ अभिनेता चेतन चंद्रा, वीडियो शेयर कर रहे न्याय की मांग

ब्यूरोः कन्नड़ अभिनेता चेतन चंद्रा ने बीते दिन अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक दिल दहला देने वाली घटना साझा की। अभिनेता चेतन चंद्रा ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह खून से लथपथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में उनके चेहरे से लेकर कपड़ों तक खून नजर आ रहा है। वीडियो में चेतन चंद्रा को कन्नड़ में बोलते हुए और पूरे हादसे का खुलासा करते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने इस वीडियो के जरिए न्याय की भी गुहार लगाई है। आपको बता दें कि कन्नड़ अभिनेता चेतन चंद्र्रा 'राजधानी' और 'जरासंध' जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

एक्टर पर जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार अभिनेता चेतन चंद्रा ने अपना वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वह कल रात अपनी मां को मंदिर लेकर गए थे। लेकिन जब वह दर्शन कर लौट रहे थे तो करीब 20 लोगों ने कथित तौर पर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। एक्टर के मुताबिक, वे उन्हें लूटने की कोशिश कर रहे थे। सबसे पहले नशे में धुत एक शख्स ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इसके बाद कई लोगों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद कगालीपुरा के पास एक बड़ा समूह इकट्ठा हुआ और उन पर हमला कर दिया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक्टर घायल दिख रहे हैं और उनकी नाक भी टूटी हुई नजर आ रही है। वीडियो में एक्टर ने न्याय की मांग पर जोर देते हुए कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

कौन हैं चेतन चंद्रा?

आपको बता दें कि चेतन चंद्रा केबी रामचंद्र और बीएन अनुसूया के बेटे हैं। केबी रामचन्द्र मलेशिया में माइनिंग इंजीनियर हैं। चंद्रा इंफॉर्मेटिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में फिल्म 'पीयूसी' से की थी, हालांकि उन्हें सफलता 2010 में आई फिल्म 'प्रेमिज्म' से मिली। फिलहाल एक्टर के साथ हुए इस हादसे ने उनके फैंस को सदमे में डाल दिया है।

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network