Sunday 6th of October 2024

Assembly bypolls 2024: हिमाचल-पंजाब समेत 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, 13 जुलाई होगी मतगणना

Reported by: PTC News Himachal Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  July 10th 2024 09:11 AM  |  Updated: July 10th 2024 02:28 PM

Assembly bypolls 2024: हिमाचल-पंजाब समेत 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, 13 जुलाई होगी मतगणना

ब्यूरो: आज यानी 10 जुलाई को बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश समेत सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे समाप्त होगी। उपचुनाव वाली कुछ विधानसभा सीटें लोकसभा चुनाव के दौरान खाली हुई थीं, जबकि कुछ मौजूदा विधायकों के निधन के कारण खाली हुई थीं। 

13 जुलाई को होगी मतगणना

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हो रहे इस चुनावी अभ्यास में कई दिग्गजों और कुछ नए उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा, जिनमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर भी शामिल हैं। उपचुनाव के लिए मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी।

इन विधानसभा सीटों पर मतदान

पश्चिम बंगाल-  रायगंज, रानाघाट दक्षिण, बागदा और मानिकतला

उत्तराखंड- बद्रीनाथ और मंगलौर

पंजाब- जालंधर पश्चिम

हिमाचल प्रदेश- देहरा, हमीरपुर और नालागढ़

बिहार- रूपौली

तमिलनाडु- विक्रवंडी

मध्य प्रदेश- अमरवाड़ा

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव

हिमाचल प्रदेश में 3 विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। ये सीटें तीन निर्दलीय विधायक होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और केएल ठाकुर (नालागढ़) के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। भाजपा ने पार्टी में शामिल होने के बाद तीन पूर्व निर्दलीय विधायकों को उनकी संबंधित सीटों से मैदान में उतारा है।

  • देहरा में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा के होशियार सिंह से होगा, जो राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मतदान करने वाले 9 विधायकों में से एक हैं। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार सुलेखा देवी, अरुण अंकेश स्याल और एडवोकेट संजय शर्मा भी मैदान में हैं।
  • सीएम सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में पूर्व निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा का मुकाबला कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा से है।
  • नालागढ़ में पूर्व निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर का मुकाबला कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा से है। भाजपा से असंतुष्ट हरप्रीत सैनी के निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

पंजाब उपचुनाव

पंजाब में जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद उन्होंने अपनी पार्टी को जीत दिलाने के लिए काफी प्रयास किए हैं। शीतल अंगुराल के आप विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई इस सीट पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। सत्तारूढ़ आप ने पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व विधायक भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने जालंधर की पूर्व वरिष्ठ उप महापौर और 5 बार नगर निगम पार्षद रह चुकी सुरिंदर कौर पर दांव लगाया है, जबकि भाजपा ने आप छोड़ने के बाद मार्च में पाला बदलने वाले अंगुराल को मैदान में उतारा है। 

PTC News Himachal
PTC NETWORK
© 2024 PTC News Himachal. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network